-->

DNA UPDATE

DHAMTARI-धमतरी को कुष्ठमुक्त जिला बनाने स्वास्थ्य विभाग कर रहा सर्वे, 105 कुष्ठ पीड़ितों का जिला अस्पताल में हो रहा नियमित उपचार

 धमतरी:: धमतरी जिले को कुष्ठरोग मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान चलाकर 10 जून से सर्वे कराया जा रहा है जो अगस्त 2022 तक चार चरणों में चलेगा। इसके लिए वृहत कार्ययोजना तैयार कर जिले में सक्रिय कुष्ठरोग की जांच कर लगातार सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है।




मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुरे ने बताया कि इसके तहत स्कूल, कॉलेज में पोस्टर एवं पॉम्पलेट व ब्रोशर के माध्यम से प्राचार-प्रसार कर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य केन्द्र स्तर, ग्राम पंचायत पर लगातार बैठक लेकर सर्वे के संबंध में पर्यवेक्षण किया जा रहा है। साथ ही इसमें शामिल मितानिन, स्वास्थ्य कार्यकताओं के द्वारा लगातार ग्राम व शहरी स्तर पर घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। इस दौरान नए रोगी का पंजीयन कर तत्काल उपचार की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर किया गया है। सीएमएचओ ने बताया कि कुष्ठ रोग के लक्षणों को कुछ लोग अशिक्षा, अंधविश्वास और भय के कारण छुपाने का प्रयास करते हैं लेकिन अब लोग खुलकर सामने आने लगे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में जिले में कुष्ठ से पीड़ित 105 लोगों का नियमित उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। डॉ. तुरे ने धमतरी को कुष्ठमुक्त जिला बनाने के अभियान में हरसंभव सहयोग करने का अनुरोध जिलावासियों से किया है।