-->

DNA UPDATE

DHAMTARI-ओवरऑल सिरमौर बना मेजबान रायपुर संभाग,राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग ने लहराया परचम...

 धमतरी- 21वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के चार दिवसीय आयोजन का आज समापन हुआ, जिसमें सुपर सेवन क्रिकेट, नेटबॉल एवं कुश्ती (फ्रीस्टाइल एवं ग्रीकोरोमन) की प्रतियोगिता आयोजित की गई। आज समापन अवसर पर प्रतियोगिता के विजेता संभागों की घोषणा की गई, जिसमें मेजबान रायपुर संभाग को ओवरऑल विजेता घोषित किया गया। रायपुर संभाग नेटबॉल प्रतियोगिता में 14, 17 एवं 19 तीनों आयुवर्ग के बालक एवं बालिका में विजयी रहकर सिरमौर बना, जबकि दुर्ग व बिलासपुर संभाग के खिलाड़ियों ने भी इन खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रभावी छाप छोड़ी। सभी विजयी खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि  द्वारिकाधीश यादव संसदीय सचिव स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पदक एवं शील्ड प्रदान किए गए। इस अवसर पर मध्यक्षेत्र विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं सिहावा विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, कलेक्टर  पी.एस. एल्मा, महापौर नगरपालिक निगम धमतरी  विजय देवांगन सहित वरिष्ठ नागरिक  शरद लोहाणा उपस्थित थे।






21वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता आज समापन अवसर पर अंतिम परिणामों की घोषणा की गई, जिसमें नेटबॉल 14 वर्ष बालक वर्ग में प्रथम स्थान पर रायपुर संभाग, दूसरा दुर्ग और तीसरा बिलासपुर संभाग रहा। इसी तरह बालिका वर्ग (14 वर्ष) में प्रथम रायपुर, द्वितीय बिलासपुर और तृतीय स्थान दुर्ग संभाग ने प्राप्त किया। नेटबॉल 17 वर्ष बालक वर्ग में भी प्रथम स्थान पर रायपुर संभाग रहा, जबकि द्वितीय बिलासपुर, तृतीय दुर्ग संभाग तो बालिका वर्ग (17 वर्ष) में पहला रायपुर संभाग, दूसरा बिलासपुर और तीसरा स्थान बस्तर संभाग को मिला। इसी खेल में 19 वर्ष बालक वर्ग में प्रथम रायपुर, द्वितीय बिलासपुर, तृतीय दुर्ग संभाग और बालिका वर्ग (19 वर्ष) में प्रथम रायपुर, द्वितीय बिलासपुर और तृतीय स्थान पर दुर्ग संभाग रहा। इसी तरह सुपर सेवन क्रिकेट 19 वर्ष बालक वर्ग में प्रथम स्थान पर दुर्ग, दूसरे स्थान पर बिलासपुर और तीसरे स्थान पर रायपुर जिले ने परचम लहराया, जबकि बालिका वर्ग 19 वर्ष में प्रथम स्थान पर दुर्ग, द्वितीय बिलासपुर और तृतीय स्थान पर रायपुर संभाग को विजयी घोषित किया गया।

इसी प्रकार कुश्ती फ्री-स्टाइल 14 वर्ष बालक वर्ग में प्रथम रायपुर संभाग, दूसरा बिलासपुर और तीसरा स्थान दुर्ग संभाग ने प्राप्त किया, तो बालिका वर्ग (14 वर्ष) में प्रथम रायपुर, द्वितीय दुर्ग और तृतीय स्थान पर बस्तर संभाग रहा। इसी खेल में 17 वर्ष बालक वर्ग में प्रथम रायपुर, द्वितीय बिलासपुर, तृतीय दुर्ग संभाग रहा, जबकि बालिका वर्ग (17 वर्ष) में प्रथम रायपुर संभाग, द्वितीय दुर्ग और तृतीय बिलासपुर संभाग रहा। इसी तरह कुश्ती ग्रीको-रोमन के 17 वर्ष बालक वर्ग में प्रथम रायपुर, द्वितीय दुर्ग और तृतीय बस्तर जोन रहा। वहीं 19 वर्ष बालक वर्ग में प्रथम बिलासपुर, द्वितीय रायपुर और तृतीय स्थान पर दुर्ग जोन रहा। मंचस्थ अतिथियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं उनके कोच को अपनी शुभकामनाएं देते हुए आगे भी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करने का आव्हान किया।