गुरुकुल विद्या सागर स्कूल लोहरसी में गुरुवार को कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राधा कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता एवं मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें सभी छात्रों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का प्रारंभ भगवान श्री कृष्ण के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर किया गया सभी छात्रों ने भगवान श्री कृष्ण की पूजा अर्चना की तत्पश्चात राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता और मटका फोड़ प्रतियोगिता का प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रमुख छाया साहू ने कहा कृष्ण जन्माष्टमी हिंदुओं का सबसे प्रमुख त्यौहार है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्री कृष्ण का जन्म भाद्र मास के कृष्ण पक्ष के अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र में हुआ था। भगवान विष्णु जी ने धर्म की स्थापना के लिए श्री कृष्ण के रूप में जन्म लिया था इस दिन व्रत धारण कर श्रीकृष्ण का स्मरण करना अत्यंत फलदाई होता है। शास्त्रों में जन्माष्टमी के व्रत को व्रतराज कहा गया है । अनुसूया रावत ने समस्त छात्र छात्राओं को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा श्री कृष्ण देवकी और वासुदेव के आठवें पुत्र थे। जन्माष्टमी पर्व भगवान श्री कृष्ण के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व पूरी दुनिया में आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। श्री कृष्ण युगो युगो से हमारी आस्था के केंद्र रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रुप से कुसुमलता सिन्हा, अनसूया रावत, कुसुम गंगापाले, ज्ञानेश्वरी साहू, पुष्पांजलि साहू, गीतांजलि साहू, डीकेस्वरी साहू का योगदान सराहनीय था। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन हेमपुष्पा यादव ने किया।