CG NEWS:- शादी के दो महीने बाद ही नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप। - DNA

NEWS UPDATE

सोमवार, 8 मई 2023

CG NEWS:- शादी के दो महीने बाद ही नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप।

भिलाई। अय्यपा नगर कोहका निवासी एक नवविवाहिता ने शादी के दो महीने बाद ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के दिन ही नवविवाहिता से उसके ससुराल वालों ने विवाद किया था। इसकी जानकारी लगने पर उसकी मां और बहन बात करने के लिए उसके ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान उसने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। सूचना पर स्मृति नगर चौकी पुलिस ने प्राथमिकी कर जांच शुरू की है।

विवाद सुलझाने ससुराल पहुंची थी मां और छोटी बहन

पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान झलक बंसार (21) के रूप में की गई है। उसकी शादी बीते फरवरी माह में देवेंद्र बंसार से हुई थी। उसका मायका अटल आवास कोहका में है। रविवार को दिन में उसके घर में विवाद हुआ। इसकी जानकारी मिलने पर झलक की मां और छोटी बहन वहां पहुंचे थे।

शादी के दो महीने बाद नवविवाहिता ने लगाई फांसी


घरवालों के बीच बात चल ही रही थी कि झलक ने अपने कमरे में जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। दरवाजा खटखटाने के बाद भी उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद परिवार वालों ने धक्का देकर दरवाजा खोला तो उसने पंखे से फांसी लगा ली थी। इसके बाद स्मृति नगर पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।

मायके वालों ने ससुराल वालों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

स्मृति नगर चौकी के एएसआइ राजेंद्र देशमुख ने बताया कि मृतका के मायके वालों ने उसके ससुराल वालों पर प्रताड़ना और मारपीट करने का आरोप लगाया था। सोमवार को न्यायिक दंडाधिकारी के सामने शव का पंचनामा उसके बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद आगे की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


Pages