दक्षिण अफ्रीका समेत 12 देशों में पाए गए कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है। इस बीच भारत से भी बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल दक्षिण अफ्रीका से कर्नाटक आए दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से पहले ही चिंता बढ़ी हुई है, इसके बाद अब महाराष्ट्र के मुंबई लौटे यात्री के भी कोरोना संक्रमित पाए जाने से हड़कंप मच गया।
केप टाउन से होकर मुंबई से सटे ठाणे जिले के डोंबिवली में आए इस शख्स की कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इस कोरोना संक्रमित व्यक्ति के सैंपल्स अब जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। फिलहाल इस सख्स को आइसोलेट कर दिया गया है।
दक्षिण अफ्रीका से लौटा यात्री ओमिक्रॉन वैरिएंट के चपेट में आया है या नहीं इसकी पुष्टि जीनोम सीक्वेंसिंग से जुड़ी जानकारियां सामने आने के बाद ही होगी।
फिलहाल इस संक्रमित व्यक्ति को महापालिका के अस्पताल के क्वारंटाइन कक्ष में रखा गया है। महापालिका की स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रतिभा के मुताबिक व्यक्ति 24 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से दिल्ली और फिर वहां से मुंबई लौटा था। तब से वो किसी अन्य के संपर्क में नहीं आया है। बुखार आने के बाद मरीज ने कोरोना टेस्ट करवाया था, जिसमें वो पॉजिटिव मिला।