जबलपुर। मध्य्प्रदेश के एक इलाके से दम्पत्ति की हत्या का मामला सामने आया है और पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है दरअसल, गोसलपुर रामनगर मढ़ोद निवासी दंपती की हत्या के आरोपित जीजा-साले को पुलिस ने कुछ ही घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। कड़ी पूछताछ उपरांत आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गोसलपुर थाना प्रभारी एसआइ पुष्कर मिश्रा ने बताया कि रामनगर मढ़ोद निवासी लाला कोल 45 वर्ष व उनकी पत्नी वर्षा कोल 40 वर्ष पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया था।
हमले में लाला की मौके पर ही मौत हो गई थी तथा वर्षा ने उपचार के दौरान मेडिकल कालेज अस्पताल में दम तोड़ दिया। दंपती की बेटी कल्पना कोल ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे उसे पता चला कि मम्मी व पापा डेलवाले खेत गए हैं। वह खेत में पहुंची तो गांव में रहने वाला गांधी दिप्पू उर्फ दीपक एवं सुहागी अधारताल निवासी उसका जीजा दीपक कोल उसके खेत में बाड़ी लगा रहे थे। उसके पिता लाला तथा मां वर्षा दोनों को खेत में बाड़ी लगाने से मना कर रही थीं। जिसके बाद दिप्पू व उसका जीजा दीपक उसके पिता लाला को अपशब्द कहने लगे। लाला ने अपशब्द कहने से मना किया तो जीजा व साले ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वर्षा ने बीच बचाव का प्रयास किया तो दोनों ने उस पर भी कुल्हाड़ी चला दी।
वारदात की सूचना मिलते ही एएसपी ग्रामीण शिवेश सिंह बघेल, एसडीओपी सिहोरा श्रुतकीर्ति सोमवंशी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने प्रकरण दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। जिसके बाद पुलिस टीम का गठन कर आरोपितों की पतासाजी शुरू की गई।
