रायपुर । राज्य को पिछले सात दिनों में 239 विदेश यात्रियों की सूची मिली है। इसमें यूके और मालदीव से बिलासपुर पहुंचे दो यात्री कोरोना पाजिटिव हुए हैं। वहीं अब तक किसी में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रान की पुष्टि नहीं हुई है। इधर रायपुर में अब तक 57 विदेशी से आए यात्रियों के सैंपल भेजे गए। इसमें से सभी निगेटिव मिले। शनिवार को 20 के नए सैंपल भेजे गए हैं।
रायपुर की सीएमएचओ डा. मीरा बघेल ने बताया कि 27 नवंबर से तीन दिसंबर की स्थिति में 177 विदेशी यात्रियों की सूची मिली थी। इसमें से 14 की अब तक जानकारी नहीं मिली है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक रायपुर में सात समेत 44 कोरोना संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में वर्तमान में 326 कोरोना के सक्रिय मरीज हैं। जिलेवार की स्थिति को देखें तो रायपुर में 61, दुर्ग में 48, रायगढ़ में 53, धमतरी में 19, जशपुर व बस्तर में 11-11 समेत अन्य जिलों में मामले हैं। वहीं राज्य में 24839 सैंपलों की जांच के साथ पाजिटिविटी दर बढ़कर 0.18 फीसद हो गई है।
केंद्र सरकार द्वार विदेशी यात्रियों की सूची उपलब्ध कराने के बाद उनकी जानकारी जुटा रहे। सात दिन आइसोलेट के बाद आठवें दिन सैंपल भेजा जा रहा है। अब तक नए वैरिएंट की पुष्टि नहीं हुई है। लगातार मानिटिरिंग की जा रही है। लोग भी अपनी तरफ से सतर्क रहें। सभी को कोरोना नियमों का पालन करना अनिवार्य है।
डा. सुभाष मिश्रा, राज्य नोडल अधिकारी, कोरोना नियंत्रण अभियान
