-->

DNA UPDATE

DHAMTARI:-दूसरे डोज के कोविड टीकाकरण से छूटे हुए लोगों को जल्द डोज लगाने कलेक्टर ने दिया जोर।

धमतरी :: ज़िले के ऐसे सभी लोग जिनका कोविड 19 का पहला डोज लगे 84 दिन या उससे अधिक हो गया है, उनकी स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रवार सूची तैयार की गई है। कलेक्टर  पी.एस.एल्मा ने समय सीमा की बैठक लेते हुए सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को उक्त सूची के आधार पर सभी पात्र लोगों को स्वास्थ्य अमले के जरिए दूसरा डोज लगाने और इसकी पोर्टल में एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.डी.के.तुर्रे ने बताया कि जिले में 15 से 18 साल की उम्र के 90 प्रतिशत बच्चों को कोविड का पहला डोज लगाया जा चुका है। इसके अलावा 10 जनवरी से शुरू हुआ फ्रंट लाइन और हेल्थ वर्कर्स तथा 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को बूस्टर डोज लगाया जा रहा है। बताया गया है कि अब तक 22 प्रतिशत पात्र लोगों को बूस्टर डोज लगाया गया है। कलेक्टर ने इसके लिए माइक्रो प्लानिंग कर पात्र लोगों की सूची तैयार करने कहा है, जिससे जल्द से जल्द ऐसे लोगों को टीका लगाया जा सके।

              सुबह 11 बजे से कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आहूत समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने मछली पालन और पशु चिकित्सा सेवाएं द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड के लिए लगाए जा रहे विशेष शिविर की प्रगति की जानकारी भी ली। बताया गया कि पशु चिकित्सा सेवाएं से 491 और मछली पालन से किसान क्रेडिट कार्ड के 67 प्रकरण बैंक में बनाकर भेजे गए हैं। कलेक्टर ने बैंक से सतत संपर्क बनाए रख प्रकरणों की प्रगति पर निगाह रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने साथ ही ज़िला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग से पोषण ट्रैकर एप में अधोसंरचना इत्यादि संबंधी एमआईएस एंट्री की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि एप में जल्द से जल्द एंट्री की जाए। बैठक में कलेक्टर ने उच्च कार्यालयों से प्राप्त पत्र, जन चौपाल, समय सीमा के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की और इनका गुणवत्तापूर्वक निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में सभी अधिकारियों को कोविड 19 के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अनिवार्य रूप से समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।