उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखें जैसे जैसे नजदीक आ रही है, वैसे सियासी दलों के तरकश से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप के कई तीर छोड़े जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नेताओं की दलबदली भी लगातार जारी है।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है। 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' अभियान का चेहरा प्रियंका मौर्य के भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। मौर्य ने पार्टी पर टिकट वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया था। टिकट न मिलने पर उनकी नाराजगी खुलकर सामने आ चुकी है।
प्रियंका बुधवार को लखनऊ में भाजपा कार्यालय में मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि मैंने क्षेत्र में बहुत काम किया, लेकिन टिकट वितरण पूर्व नियोजित था। मुझे टिकट नहीं दिया गया था। उन्होंने कहा, 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' एक नारा है, लेकिन कांग्रेस ने मुझे लड़ने का मौका नहीं दिया।
डॉ. प्रियंका का आरोप है कि उन्हें घूस नहीं देने पर सरोजिनी नगर विधानसभा सीट से टिकट नहीं दिया गया। लड़की हूं लड़ सकती हूं कैंपेन सिर्फ एक धांधली थी। लोग कहेंगे कि टिकट नहीं मिला तो ऐसा कर रहे, लेकिन खुद जांच करें फिर बोलें। हमें तो 2024 की तैयारी करो ऐसा कहा जाने लगा।
