धमतरी :: छत्तीसगढ़ योग आयोग के स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। उप संचालक समाज कल्याण ने जिला शिक्षा अधिकारी, आयुक्त नगर निगम तथा सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पत्र लिखकर बताया कि प्रतियोगिता महिला एवं पुरूष श्रेणी में अलग-अलग तीन आयु वर्गों में सम्पन्न कराई जाएगी। इसमें भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति गूगल फॉर्म की लिंक पर क्लिक कर आवेदन 20 अप्रैल तक अपना पंजीयन करा सकता है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने इसके लिए पूर्व में पंजीयन करा लिया है उन्हें पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। बताया गया है कि कार्यक्रम के तहत सूर्य नमस्कार 26 अप्रैल को सुबह 6.00 से 7.30 बजे तक अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम साइंस कॉलेज परिसर में किया जाना प्रस्तावित है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यालय परिसर में स्थित कार्यालय उप संचालक समाज कल्याण से सम्पर्क किया जा सकता है।
