जशपुरनगर। कुल्हाड़ी से हमला कर नर्स की बीच सड़क में हत्या कर दी गई। नर्स अपने घर से ड्यूटी करने के लिए अस्पताल जा रही थी। घटना कुनकुरी थाना क्षेत्र के श्री नदी पुल के समीप हुई।
कांसाबेल थाना क्षेत्र के ग्राम टांगरगांव की निवासी देवकी चक्रेश (28) कुनकुरी थाना क्षेत्र के कटंगखार गांव के उप स्वास्थ्य केन्द्र में नर्स के रूप में पदस्थ थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गुरुवार को वे अपने घर टांगरगांव से ड्यूटी करने के लिए कटंगखार अस्पताल की ओर आ रही थीं। इसी दौरान अज्ञात आक्रमणकारी ने श्री नदी के पुल के पास उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर में आई गंभीर चोट के कारण देवकी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना स्थल सुनसान होने के कारण कोई भी हमलावर को नहीं देख पाया। रास्ता से गुजर रहे लोगों ने सड़क पर शव देख कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर कुनकुरी के थाना प्रभारी भास्कर शर्मा दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। घटना स्थल पर मृतिका की स्कूटी खड़ी हुई थी। इसे देख कर अनुमान लगाया जा रहा है कि हमलावर नर्स का परिचित हो सकता है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है। स्टेट हाईवे में दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे हुई हत्या से आसपास रहने वाले लोग दहशत में हैं।