धमतरी:- युवाओं के हित में प्रदेश सरकार की महत्वकांक्षी योजना राजीव युवा मितान क्लब के गठन के बाद क्षेत्र के क्लबों के लिए अनुदान की पहली किश्त की राशि जारी लगातार पूरी प्रक्रिया के अनुरूप की जा रही है।
इसी क्रम में आज गुरुवार को निगम सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में महापौर विजय देवांगन द्वारा हटकेशर,स.वल्लभ भाई पटेल,बठेना,पोस्ट ऑफिस, विवेकानंद,गोकुलपुर,सोरिद वार्ड के अध्यक्षों एवं सदस्यों को बधाई देते हुए एवं योजना के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रोत्साहन करते हुए ₹25000 की प्रथम राशि का सांकेतिक चेक वितरण किया।
महापौर विजय देवांगन ने बताया कि युवा शक्ति राज्य के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पूंजी है। युवाओं को राज्य के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए संगठित कर शासन की विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग लेना है। इसी को ध्यान में रखकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा राजीव युवा मितान क्लब की परिकल्पना की गई है।
उन्होंने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि राजीव युवा मितान क्लब के माध्यम से युवाओं को अपनी पहचान कायम करने एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का अवसर मिलेगा। साथ राज्य की प्रगति में सामाजिक रूप से जिम्मेदार,जागरूक और सकारात्मक भूमिका का निर्वहन करने में सक्षम होंगे।
इस दौरान एमआईसी सदस्य राजेश ठाकुर,अवैश हाशमी,पार्षद दीपक सोनकर,सोमेश मेश्राम, नीलू पवार,लुकेश्वरी
साहू,गीतांजलि महिलांगे,ब्लॉक अध्यक्ष आकाश गोलछा,तोमन कंवर,प्रीतम महिलांगे,सहित राजीव युवा मितान क्लब के पदाधिकारी मौजूद थे।

