धमतरी। रथ यात्रा के पावन अवसर पर धमतरी शहर को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सौगात मिलने जा रही है। समाजसेवा की भावना से प्रेरित रितुराज पवार फाउंडेशन द्वारा शहरवासियों के लिए सर्वसुविधायुक्त वेंटिलेटर एम्बुलेंस समर्पित की जाएगी। इस जनहितकारी पहल का लोकार्पण समारोह 16 जुलाई 2026, गुरुवार को शाम 5:30 बजे गौशाला परिसर (विंध्यवासिनी मंदिर के पीछे), धमतरी में आयोजित किया जाएगा।
इस सेवा कार्य के प्रणेता समाजसेवी अमित नंदकिशोर अग्रवाल एवं विकास सिंह (सन्नी) हैं। फाउंडेशन के अनुसार इस एम्बुलेंस का उद्देश्य गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, जिससे जरूरतमंदों को आपातकालीन परिस्थितियों में राहत मिल सके।
कार्यक्रम में महापौर रामु रोहरा, कलेक्टर अविनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक भावना पांडे, माँ विंध्यवासिनी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष आनंद पवार, रितुराज पवार फाउंडेशन के प्रमुख रितुराज पवार सहित गौशाला ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होकर इस जनसेवा के कार्य के साक्षी बनने की अपील की है। उनका कहना है कि "नर सेवा ही नारायण सेवा है" की भावना के साथ यह वेंटिलेटर एम्बुलेंस धमतरी की जनता को समर्पित की जा रही है।

