-->

DNA UPDATE

DHAMTARI-प्रदेश में धान-खरीदी की आवश्यक तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने ली कलेक्टरों की बैठक

 धमतरी:: प्रदेश के मुख्य सचिव  अमिताभ जैन ने आज शाम पांच बजे प्रदेश के सभी कलेक्टरों की बैठक लेकर खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के संबंध में आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशानिर्देश दिए। जिले से कलेक्टर  पी.एस. एल्मा ने एनआईसी कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर तैयारियों के बारे में अवगत कराया।

मुख्य सचिव ने वी.सी. में कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में किसानों से धान-खरीदी भी शामिल है और इसमें किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न ना हो, इसके लिए सभी जिले के कलेक्टर और एस.पी. आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने आगे कहा कि धान खरीदी की व्यवस्था से किसानों को सुखद अनुभव हो, यही शासन की मंशा है। साथ ही केन्द्रों में सेवाएं एवं सुविधाएं विकसित करने के लिए उन्होंने मितव्ययिता अपनाने की भी बात कही। मुख्य सचिव श्री जैन ने अंतरराज्यीय सीमाओं से लगे जिलों में संबंधित विभागों के साथ-साथ पुलिस की भी गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए, जिससे दूसरे राज्यों से धान का अवैध परिवहन पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके। इसके लिए रैण्डम एवं सरप्राइज चेकिंग करने के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को परस्पर समन्वय एवं आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए। धान-खरीदी को लेकर प्रशासन की गम्भीरता, सजगता और संवेदनशीलता आम आदमी को नजर आए, यह भी सुनिश्चित करने कहा गया। उन्होंने पीपीटी के माध्यम से जिले की स्थितियांे की भी समीक्षा करते हुए सभी धान उपार्जन केन्द्रों में स्वच्छता, फेंसिंग, विद्युत व्यवस्था, कम्प्यूटर सेट, प्रिंटर, यूपीएस, जनरेटर की उपलब्धता, इंटरनेट कनेक्शन, आर्द्रतामापी यंत्र, कांटा-बाट, बारदानों की उपलब्धता सहित उपलब्ध चबूतरों की संख्या, डाटा एंट्री ऑपरेटर, केन्द्रों में बफर लिमिट की मात्रा, डनेज एवं तारपोलिन की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार पेटी, पेयजल की व्यवस्था, मूल्य प्रदर्शन हेतु बैनर-पोस्टर, फड़ में भण्डारण के लिए उपलब्ध रकबा, मानव संसाधन सहित विभिन्न बिन्दुओं के आधार पर नोडल अधिकारियों के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराने के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा हमाल एवं अन्य मैदानी कर्मचारियों को उनके कार्य से संबंधित बारीकियों की जानकारी के लिए प्रशिक्षण आयोजित करने के लिए भी मुख्य सचिव ने निर्देश दिए।





वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव ने धान खरीदी के मामले में अतिसंवेदनशील, संवेदनशील और सामान्य केन्द्रों का चिन्हांकन कर प्रारम्भ से ही निगरानी रखने पर जोर दिया। साथ ही इसकी प्रॉपर स्टेकिंग, सॉर्टिंग के साथ-साथ परिवहन और भण्डारण के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश उन्होंने दिए। इसके अलावा संग्रहण केन्द्रों की भण्डारण क्षमता एवं विस्तार, अनधिकृत व्यक्तियों (कोचियों) के द्वारा धान खपाने, लघु, सीमांत एवं बड़े किसानों को समुचित टोकन जारी करने, बारदानों की उपलब्धता, केन्द्रों में सभी जरूरी सुविधाओं आदि का नियमित परीक्षण करते हुए सम्पूर्ण प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए मुख्य सचिव ने निर्देशित किया। वी.सी. में संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।