मुंबई. मुम्बई नगरी में बॉलीवुड एक मायाजाल की तरह है, जो कोई भी इसकी चकाचौंध में आ जाता है वो इसमें इतना मोहित हो जाता है कि वापस पीछे मुड़कर देखना नहीं चाहता. कई लोगों की किस्मत चमक जाती है, तो कई लोगों को कोशिशों के बाद भी निराशा ही हाथ लगती है.
बॉलीवुड सिनेमा ने बहुत से लोगों को इस मुकाम पर पहुंचा दिया है, कि वो आज करोड़ों दिलों की धड़कन बन गए हैं. लेकिन इस खूबसूरत इंडस्ट्री की आड़ में कई लोग गलत कामों को भी अंजाम देते हैं. हाल ही में ऐसे ही इंडस्ट्री के नाम पर गलत काम करने वाले एक शख्स को दादर से पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
मीडिया के मुताबिक ये शख्स लड़कियों को झांसा देकर उनकी ट्रैफिकिंग किया करता था. ये शख्स सोशल मीडिया पर खुद को इवेंट मैनेजर बताता था और लड़कियों को शाहरुख खान की फिल्म में काम दिलाने का झांसा दिया करता था. जिसके बाद पता चलने पर पुलिस ने 17 साल की एक लड़की को रेस्क्यू किया है जिसे पश्चिम बंगाल से मुंबई लाया गया था.
दादर स्टेशन पर GRP के SI दयानेश्वर कटकर ने बताया, ‘GRP ने 17 साल की एक लड़की को रेस्क्यू किया है, जिसे शाहरुख की फिल्म में काम दिलाने के बहाने पश्चिम बंगाल के पलाशीपारा से मुंबई लाया गया था. सोशल मीडिया पर खुद को इवेंट मैनेजर बताकर लड़की को फुसलाने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है.’
बता दें कि इससे पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं जिनमें किसी बड़े और मशहूर सितारे का नाम लेकर काले कामों को अंजाम दिया गया है. इस बार इस मामले में किंग खान के नाम का इस्तेमाल किया गया है।
