धमतरी - गुरूवार 21 अक्टूबर को स्थानीय पुलिस रक्षित केन्द्र में पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया जायेगा। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर की उपस्थिति में सुबह ठीक 8.55 पर सलामी से कार्यक्रम की शुरूआत होगी। इसके बाद सुबह नौ बजे शहीदों का नाम वाचन, 9.25 पर सलामी शोक शस्त्र, साढ़े नौ बजे श्रद्धा सुमन अर्पित किया जाएगा। इसी तरह सुबह 9.45 पर शहीद परेड का समापन और 9.55 पर शहीद परिवारों से मुलाकात की जाएगी।
गौरतलब है कि हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में आयोजित किया जाता है। पुलिस स्मृति दिवस मनाने के पीछे यह मंशा है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में देश की सुरक्षा की प्रथम पंक्ति में तैनात सीआरपीएफ के एक छोटे से गश्ती दल पर चीनी सेना द्वारा भारी संख्या में घात लगाकर हमला किया गया था। इस लड़ाई में सीआरपीएफ के दस रणबांकुरों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था।
