नई दिल्ली- विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के तकनीकी सलाहकार समूह ( TAG) ने कोवैक्सीन को एक बार फिर झटका दे दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक तकनीकी सलाहकार समहू (TAG) ने इस कोरोना वैक्सीन को आपातकालीन इस्तेमाल के लिए स्वीकृत सूची (EUL) में शामिल करने पर विचार करने के लिए भारत बायोटेक कंपनी से और अधिक डेटा मांगा है। गौरतलब है कि सलाहकार समूह कोवैक्सीन से जोखिम और लाभ का आकलन कर रहा है। Covaxin के मसले पर विचार करने के लिए अब सलाहकार समूह की 3 नवंबर को एक बार फिर बैठक करने वाला है।
आपको बता दें कि इससे पहले WHO प्रवक्ता ने संभावना जताई थी कि यदि समूह आंकड़ों से संतुष्ट होता है तो 24 घंटे के भीतर कोवैक्सीन को अपनी सिफारिशें दे देगा। WHO का तकनीकी सलाहकार समूह भारत बायोटेक की कोरोना रोधी कोवैक्सीन को आपातकाल में इस्तेमाल के लिए स्वीकृत सूची (ईयूएल) में शामिल करने पर विचार कर रहा है।
हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक कंपनी ने EUL के लिए 19 अप्रैल को WHO के सामने अप्रुवल के लिए आवेदन दिया था। Covaxin को कोरोना के खिलाफ 77.8 प्रतिशत और सबसे खतरनाक डेल्टा वेरिएंट के खिलाफ 65.2 प्रतिशत प्रभावी पाया गया है। कंपनी ने जून में ही तीसरे चरण के नतीजों के अंतिम आंकलन का काम पूरा कर लिया है। Covaxin को EUL में शामिल करने पर विचार करने के लिए मंगलवार को TAG की बैठक हुई थी।
