धमतरी- नगरपालिक निगम धमतरी द्वारा निगम क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों चौक-चौराहों पर ‘सफाई मित्र सुरक्षा‘ विषय पर केंद्रित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जा रहा है। राज्य शासन, सफाई मित्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित सीवर एवं समुचित उपायों के साथ सेप्टिक टैंकों की सफाई पर विशेष जोर दे रहा है और इसके लिए सफाई मित्र सुरक्षा योजना चलाई जा रही है। इस योजना को जन-जन तक पहुंचाने नुक्कड़ नाटक को माध्यम बनाया गया है।
धमतरी के रंग कर्मियों द्वारा प्रभावी ढंग से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को समझाया जा रहा है कि सुरक्षित ढंग से सेप्टिक टैंकों की सफाई, निदान 1100 नंबर या 14420 पर कॉल करके करवाई जा सकती है। इस संबंध में बताया गया कि सफाई सफाई मित्रों को कोई भी व्यक्ति असुरक्षित तथा बिना मशीन के सीवर तथा सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए मजबूर नहीं कर सकता अगर ऐसा किया जाता है तो 14420 में कॉल करके उस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है, ऐसी दशा में दोषी व्यक्ति को 2 वर्ष की सजा तथा दो लाख रूपए तक के जुर्माने का भी प्रावधान भी किया गया है। नुक्कड़ नाटक के रंगकर्मी नगर के बस स्टैंड, स्टेशनपारा, आमापारा, आजाद चौक, टिकरापारा, रिसाईपारा, अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा चौक, दानीटोला, गोकुलपुर, लालबगीचा, हटकेशर, पोस्ट ऑफिस, जिला चिकित्सालय के पास, इतवारी बाजार, मकेश्वर वार्ड, मोटर स्टैंड वार्ड, बनियापारा वार्ड, कचहरी चौक, डाक बंगला वार्ड के विभिन्न चौक चौराहों गलियों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम महापौर विजय देवांगन और आयुक्त मनीष मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाया गया।
