सिवनी:: वन विकास निगम बरघाट प्रोजेक्ट के जंगल से लगी सड़क पर सोमवार सुबह दौड़ रहे बच्चों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में एक 10 वर्षीय बालक की मौके पर मौत हो गई जबकि अन्य बच्चे जान बचाकर भाग निकले। जान बचाकर भागे बच्चों ने तेंदुए के हमले की सूचना ग्रामीणों को दी जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद वन अमला भी मौके पर पहुंच गया है। वहीं एक अन्य ग्रामीण पर भी जानवर ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घायल का नाम दिनेश कांवरे बताया जा रहा है।
केवलारी रेंज के प्रभारी रेंजर एसके वनवाले ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 7 बजे सकरी से लगे घोरलाटोला (पान्डीवाडा) गांव के 4-5 बच्चे में घूमने व दौड़ लगाने गए थे। इसी दरमियान जंगली जानवर ने 10 वर्षीय बालक रमन पुत्र नरेश परते पर हमला कर दबोच लिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। साथ गए अन्य बच्चों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी, जिसके बाद जंगल पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों ने जंगली जानवर को घेर लिया है। इस घटना से समूचे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
वन विकास निगम के मंडल प्रबंधक वीसी मेश्राम ने बताया कि बच्चे पर हमला तेंदुआ ने किया है। मेश्राम ने बताया कि तेंदुआ को ट्रेंकुलाइज कर पकड़ने पेंच नेशनल पार्क से रेस्क्यू दल को बुलाया गया है। साथ ही वन अमला और पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच रहा है। झाड़ियों के बीच छिपे तेंदुआ को बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने घेर रखा है। उन्होंने कहा कि तेंदुआ को बचाना हमारी प्राथमिकता है। आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास वन अमले द्वारा मौके पर किया जा रहा है।
