नई दिल्ली: बॉलीवुड के हैंडसम हंक जॉन अब्राहम और उनकी पत्नी प्रिया रुंचाल कोरोना से संक्रमित हो गए हैं. यह जानकारी खुद जॉन अब्राहम ने सोशल मीडिया के माध्यम से फैंस को दी है. जॉन ने बताया है कि उन्होंने और पत्नी प्रिया ने खुद को क्वारंटीन कर लिया है. दोनों में कोरोना के हल्के लक्ष्ण पाए गए हैं.
कपल ने खुद को किया होम क्वारंटीन-
जॉन अब्राहम ने सोमवार को अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक पोस्ट के जरिए फैंस को बताया कि वह और उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. उन्होंने लिखा, तीन दिन पहले मैं एक ऐसे इंसान के संपर्क में आया था जिसके बारे में मुझे बाद में पता चला उसे कोविड है. प्रिया और मैं कोविड पॉजिटिव हो गए हैं. हमने खुद को घर में क्वारंटीन कर लिया है. इसलिए अब हम किसी के संपर्क में नहीं हैं. हम दोनों ने वैक्सीन लगवा ली थी. हमें इस समय हल्के लक्षण हैं. अपना ख्याल रखें और स्वस्थ रहें. मास्क जरूर पहनें.
