-->

DNA UPDATE

LPG Price increase:- कल से बढ़ सकते हैं एलपीजी सिलेंडर के दाम, 100 से ₹200 प्रति सिलेंडर दाम बढ़ने की संभावना

रूस और यूक्रेन के बीच भीषण युद्ध का असर अब सड़क से किचन तक नजर आने वाला है। अभी तक उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत 5 राज्यों में हो रहे चुनाव के चलते एलपीजी सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में पिछले कई महीनों से राहत मिल रही थी। आज चुनाव का आखिरी चरण समाप्त हो जाएगा और शाम को एग्जिट पोल भी आने शुरू हो जाएंगे। पांचों राज्यों किसकी सरकार बनेगी, इसके बारे में अभी केवल मोटा-मोटा अनुमान ही लग पाएगा, लेकिन पेट्रोल-डीजल और एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने तय हैं।


पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर नॉन-सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की कीमतों में कई महीने से राहत है। कच्चे तेल के दाम 138 डॉलर प्रति बैरल पार होने के बावजूद छह अक्टूबर 2021 से घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चुनाव बाद यानी 7 मार्च के बाद कभी भी गैस के दाम 100 से 200 रुपये प्रति सिलेंडर से अधिक बढ़ सकते हैं।