अंबिकापुर के मणिपुर पुलिस चौकी के ठीक सामने खेत में युवती का अर्धनग्न शव मिला है। गले में कपड़ा बंधा होने के कारण प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मणिपुर पुलिस चौकी के ठीक सामने गैरेज संचालित है। गैरेज के पीछे खेत है। गैरेज में काम करने वाला एक कर्मचारी शौच के लिए खेत की ओर जा रहा था।उसी दौरान खेत में उसने युवती की अर्धनग्न लाश देखी। घटना की सूचना उसने मणिपुर पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मृतिका का अर्धनग्न शव पड़ा हुआ था।गले में कपड़ा बंधा था। आसपास जांच करने पर एक जोड़ी चप्पल,एक चश्मा और चावल बिखरे पड़े नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए थे। पुलिस ने मृतका की पहचान कराने की भी कोशिश की लेकिन किसी ने भी उसे पहचानने से इनकार किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने बताया कि मृतका के शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।