एक बार फिर मौसम में बदलाव आने लगा है। दिन में गर्मी तो रात में गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। यह मौसम बच्चों को बीमार भी बनाता है। ऐसे मौसम में बच्चे तेजी से सर्दी-जुकाम और बुखार का शिकार होते हैं। जो कोल्ड इंफेक्शन और मौसम में बदलाव से फैलने वाली बीमारी है। ऐसे में एक बच्चे से दूसरे बच्चें में संक्रमण तेजी से फैलता है। इसका असर इस मौसम में बीमार होने के रूप में बच्चों में नजर आ रहा है। रनिंग नोज और शरीर में दर्द बच्चों की परेशानी और भी बढ़ा रही है। ऐसे में अगर आपका बच्चा जुकाम से परेशान है तो दवाओं के साथ कुछ घरेलू उपाय जरूर अपनाएं।
गर्म पानी: सर्दी जुकाम होने पर गर्म पानी पीने से आराम मिलता है। ऐसे में बच्चे को गर्म पानी ही दें। बच्चे बहुत ज्यादा गर्म चीजें नहीं खा पात हैं, इसलिए उन्हें गुनगुना पानी दें। ठंडी चीजें बिल्कुल न दें। इससे जल्दी आराम मिलेगा।
हल्दी वाला दूध: बच्चों को सर्दी जुकाम होने पर सादा दूध देने के बजाय हल्दी वाला दूध दें। इससे शरीर में गर्मी आएगी और जुकाम खांसी में भी आराम मिलेगा। हल्दी में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं जो जुकाम को ठीक करने में मदद करते हैं।
भाप दें: बच्चे को सर्दी जुकाम होने पर भाप जरूर दें। इससे जुकाम में आराम मिलेगा। खासतौर से बंद नाक होने की वजह से बच्चे रात में ठीक से सो नहीं पाते हैं। भाप लेने से नाक खुल जाती है और बच्चा आराम से सोता है।
शहद अदरक: बच्चे को शहद में थोड़ा अदरक का रस मिलाकर दें। इससे खांसी और सर्दी दोनों में आराम मिलेगा। आप चाहें तो इसे गुनगुना कर लें फिर बच्चे को पिलाएं। सुबह शाम एक-एक चम्मच दें।
च्यवनप्राश दें: अगर बच्चा च्यवनप्राश खाता है, तो उसे सुबह-शाम च्यवनप्राश जरूर दें। इससे बच्चे को खांसी और जुकाम में आराम मिलेगा। च्वनप्राश खाने से इम्युनिटी मजबूत होती है।