-->

DNA UPDATE

NEWS:- केवि धमतरी में मनाया गया संविधान दिवस शिक्षकों और विद्यार्थियों ने खेले ऑनलाइन क्विज

 केवि धमतरी के प्राचार्य डॉ. एस. एस. धुर्वे के मुख्य आतिथ्य में विद्यालय में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया गया | प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा भारतीय संविधान की उद्देशिका एवं संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन किया गया | शिक्षक सुरेश देवांगन ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ा जिसे सभी शिक्षकों एवं बच्चों ने दोहराया | कक्षा आठवीं की छात्राएँ स्वास्तिका सिंह और जाह्नवी साहू ने संविधान में निहित 11 मौलिक कर्तव्यों को सविस्तार बताया | कक्षा नवमी की छात्राएँ ओजस्वी साहू और रिचा निर्मलकर ने हमारे 6 मौलिक अधिकारों के बारे में जानकारी दी | कार्यक्रम का संचालन करते हुए सुरेश देवांगन ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान को अपनाकर राष्ट्र को समर्पित किया गया था इसलिए आज के दिन को राष्ट्रीय संवैधानिक और  कानून दिवस के रूप में मनाया जाता है | उन्होने कहा कि हमारा संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है और इसमें निहित उद्देशिका को भारतीय ‘संविधान की आत्मा’ माना गया है | प्राचार्य डॉ. एस. एस. धुर्वे ने समस्त बच्चों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और देश वासियों को संविधान दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संविधान के अनुसार सभी नागरिक समान है एवं यह हमें बिना किसी भेदभाव के समान नागरिक कर्तव्य और अधिकार देता है | यह अनेक धर्म, संप्रदाय, जाति, वर्ग वाले हमारे देश के समस्त नागरिकों को एकता के सूत्र में बाँधता है इसलिए हमें इसका सम्मान करते हुए अपने मूल कर्तव्यों का पालन करना चाहिए तथा इसे पढ़कर अपने अधिकारों को भी जानना चाहिए ताकि कोई हमारे अधिकारों का हनन न कर सके | वरिष्ठ शिक्षक पी. एल. साहू ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस संविधान को बनाने में 2 वर्ष 11 माह और 18 दिन लगे | उन्होने कहा कि भारतीय संविधान में कई देशों के संविधानों की विशेषताओं को अपनाया गया है | हमारे संविधान में 470 अनुच्छेद, 22 खंड और 12 अनुसूचियों के साथ –साथ 5 परिशिष्ट भी हैं | कार्यक्रम के पश्चात शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाइन संविधान की उद्देशिका पढ़ा गया और ‘भारत-लोकतन्त्र की जननी’ विषय पर आधारित ऑनलाइन क्विज भी खेला गया |





 इस कार्यक्रम को सफल बनाने में योगेश नेताम, हरेंद्र साहू, चोमेंद्र हिरवानी, कमलप्रीत कौर, एसके गिरी, रीमन देवांगन, कविता, प्रदीप सिंह रावत, जागृति साहू सहित समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।