रायपुर: विधानसभा चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ सरकार और संगठन में बदलाव का दौर जारी है। इसी बीच छत्तीसगढ़ कांग्रेस से एक बड़ी खबर आ रही है। फूलो देवी नेताम ने छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। फूलो देवी नेताम ने अपना इस्तीफा महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा को भेज दिया है। फूलो देवी नेताम पिछले सात साल से महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद पर थीं। वर्तमान में फूलो देवी नेता राज्यसभा सांसद भी हैं।
कांग्रेस प्रदेश महिला कांग्रेस संगठन में भी बदलाव होगा
माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले अब प्रदेश महिला कांग्रेस संगठन में भी बदलाव होगा। इससे पहले चुनावी वर्ष में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ के लोकसभा सदस्य दीपक बैज को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कमान दी है। अब तक इस पद पर कांग्रेस विधायक मोहन मरकाम जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
कांग्रेस ने किए कई बड़े बदलाव
लंबे समय से मोहन मारकम को हटाए जाने की चर्चा हो रही थी। अब कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने बस्तर के आदिवासी नेता दीपक बैज को प्रदेश की कमान सौंप दी है। बता दें कि दीपक बस्तर सीट से लोकसभा के सदस्य हैं।
इधर, मोहन मरकाम को पीसीसी चीफ से हटाकर उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया गया। जबकि प्रेमसाय सिंह टेकाम को शिक्षा मंत्री के पद हटाकर उन्हें राज्य योजना आयोग के अध्यक्ष बनाया गया है।
विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस की ये दूसरी बड़ी नियुक्ति है। इससे पहले कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाया था।