प्रदेश के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गठित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्य की नई सरकार के बेहतर कार्य को लेकर जिले की जनता पूरी तरह से आशान्वित है। नई सरकार को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए क्षेत्र के जनप्रतिनिधि रामू रोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जैसे सुलझे हुए राजनेता के मुख्यमंत्री बनने से हमारा छत्तीसगढ़ चहुंमुखी विकास करते हुए प्रगति के नए सोपानों को तय करेगा। उन्होंने कहा कि विष्णु देव साय गांव एवं जमीन से जुड़े राजनेता है, जिन्होंने पंच से लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री तक का सफर तय किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारा छत्तीसगढ़ राज्य प्रत्येक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करेगा। मुख्यमंत्री श्री साय छत्तीसगढ़ की परिस्थितियों को भलिभांति जनते व समझते है। श्री साय यहाँ की आवश्यकताओं के अनुरूप नीति-निर्धारण कर राज्य के कल्याण में उनका सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। वहीं जनप्रतिनिधी कविन्द्र जैन ने अपने प्रतिक्रिया देते हुए कहा विष्णु देव साय सरल, सहज, अनुभवी, लोकप्रिय और जनता के लिये समर्पित नेता हैं। श्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का चहुमुखी विकास होगा, जिसका लाभ प्रंदेश के हर वर्ग को मिलेगा।
जिला पंचायत सदस्य खूबलाल ध्रुव जनपद पचांयत सदस्य धमतरी जागेन्द्र साहू, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम धमतरी श्री वोहरा और पूर्व सभापति राजेन्द्र शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में नई सरकार के गठन के साथ ही छत्तीसगढ़ की 03 करोड़ जनता की दिशा और दशा बदलने का अभियान शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि नई सरकार के गठन के साथ ही 18 लाख गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने के साथ ही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के 02 साल का बोनस भी छत्तीसगढ़ के किसानों को प्राप्त होगा। साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य सभी क्षेत्रों में निरंतर प्रगति करते हुए विकास का नया कीर्तिमान रचेगा।