रायपुर. छत्तीसगढ़ में हो रही लगातार बारिश से प्रदेश के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. सोमवार को रायपुर में 68.2 मिमी बारिश हुई है. ये इस सीजन की अब तक की सबसे अतिभारी बारिश मानी जा रही है. प्रदेश भर के कई नदी-नाले उफान पर हैं. जिसके चलते कई जलप्रपात भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. प्रदेश के कई मंदिरों के गर्भगृह में भी पानी भर गया है. कई इलाकों में घरों और पुलिस थानों में भी जलभराव की स्थिति देखी जा रही है.
धमतरी जिले के अर्जुनी थाना में भी बारिश का पानी घुस गया है. यहां भी बीती रात से लगातार तेज बारिश हो रही है. सड़कों पर जलभराव के बाद थाने में बारिश का पानी घुस गया है. थाने में घुटनों तक पानी भर गया है, जिसके बाद पुलिस कर्मचारी थाने का सामान सुरक्षित रखने में जुटे हुए हैं.
राजधानी रायपुर में भी एक अदभुत नजारा देखने को मिला है. पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर में भी जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है. महामाया मंदिर प्रांगण के समलेश्वरी देवी के मंदिर में भी पानी भर गया है. ये पहली बार है जब ऐसा नजारा मंदिर प्रांगण में देखने को मिला.
मौसम विभाग ने 13 सितंबर को अगले 24 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था. छत्तीसगढ़ के कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर, कोरबा, बलौदाबाज़ार, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, बिलासपुर, सुकमा, बीजापुर जिले और उससे लगे जिलों में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और भारी वर्षा होने की संभावना जताई थी.
इसके अलावा मौसम विभाग ने 14 सितंबर के लिए भी चेतावनी जारी किया है. छत्तीसगढ़ (chhattisgarh) के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. प्रदेश के बिलासपुर संभाग, सरगुजा, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना जताया है. प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है.
