धमतरी :: एनपीसीडीसीएस कार्यक्रम के तहत आज जिला चिकित्सालय धमतरी में बालको मेडिकल सेंटर नया रायपुर के सहयोग से निःशुल्क कैंसर जांच शिविर आयोजित किया गया। इसमें 38 मरीजों का पंजीयन किया गया, जिनमें से 12 नए कैंसर के संभावित मरीज, दो मरीजों का एफएनएसी जांच और एक मरीज की Pep Smear जांच की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुर्रे ने बताया कि जिला चिकित्सालय के एनसीडी क्लीनिक में कैंसर के संभावित मरीजों को समझाइश दी गई कि उचित समय में जांच करवाने से कैंसर से बचा जा सकता है। इस दौरान बॉलको मेडिकल सेंटर के विशेषज्ञों की टीम डॉ. अनुराग श्रीवास्तव और डॉ. राकेश मिश्रा सहित डॉ. राहुल सोनकर एवं एनसीडी क्लीनिक के स्टॉफ द्वारा कैंसर के संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग एवं जांच की गई।



