रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं-12वीं बोर्ड की प्रोजेक्ट-प्रैक्टिकल परीक्षा में बाह्य परीक्षक की अनिवार्यता को खत्म कर दिया गया है। ये परीक्षाएं 10 से 31 जनवरी तक होनी हैं। परीक्षाएं स्कूल स्तर पर ही आयोजित की जाएगी। संस्था के प्राचार्य का यह दायित्व होगा कि निर्धारित परीक्षा समय अवधि में संबंधित विषय के लिए आंतरिक परीक्षक नियुक्त करके सुविधा के अनुसार एक दिन में उतने ही परीक्षार्थियों को प्रायोगिक परीक्षा के लिए बुलाए जितने के लिए शारीरिक दूरी के साथ व्यवस्था हो सके। इस दौरान शारीरिक दूरी का पालन करना अनिवार्य कर दिया गया है।
परीक्षा में कोई भी परीक्षार्थी बिना मास्क के नहीं आएगा और साथ में सैनिटाइजर लाना अनिवार्य होगा। कोरोनावायरस संक्रमण के कारण जिन जिलों में कलेक्टर के आदेश के बाद धारा 144 लागू है वहां पर प्रायोगिक परीक्षा की तिथि को शिथिल कर के कलेक्टर की अनुमति से जिला शिक्षा अधिकारी परीक्षा करा सकेंगे।
