रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बाद अब राहत की खबर है। कई जिलों में पाजिटिविटी दर कम होने से यहां प्रशासन ने स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। प्रदेश के बलौदाबाजार, गरियाबंद, कबीरधाम, बेमेतरा और सुकमा में सरकारी स्कूलों को खोल दिया गया है। यहां स्कूलों में आनलाइन की बजाय आफलाइन पढ़ाई शुरू हो गई है। रायपुर की बात करें तो यहां कोरोना की पाजिटिविटी दर भी 9 फीसद तक पहुंच गई है। इसके पहले यहां पाजिटिविटी दर 17 फीसद तक थी। इस तरह यह कम होने से अब लोगों ने राहत की सांस ली
विशेषज्ञों के मुताबिक 10वीं- 12वीं बोर्ड के परीक्षार्थियों के लिए समय पर स्कूल खुलना जरूरी है। खासकर जिन जिलों में अभी तक प्रोजेक्ट-प्रैक्टिकल की परीक्षाएं नहीं हो पाई हैं वहां स्कूल खुलना जरूरी हो गया है। रायपुर में ही स्कूल अभी तक नहीं खुल पाएं हैं। 12वीं बोर्ड परीक्षा दो मार्च से 30 मार्च 2022 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय प्रात: नौ बजे से दोपहर 12.15 बजे तक होगा। इसी तरह 10वीं की परीक्षा तीन से 23 मार्च 2022 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय प्रात: नौ बजे से दोपहर 12.15 बजे तक होगा। अधिक जानकारी के लिए बोर्ड की वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर उपलब्ध है।
