धमतरी :: वित्तीय वर्ष 2021-22 जाते जाते एक सुखद अहसास दे गया। धमतरी जिला एक बार फिर से कोरोनामुक्त बन गया है। वर्तमान में कोविड 19 से संक्रमित लोगों की संख्या शून्य हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आज जारी की गई मीडिया बुलेटिन के अनुसार जिले में अब तक कुल 31 हजार 430 लोग कोविड 19 से संक्रमित हुए, जिनमें से 30 हजार 839 लोग स्वस्थ हो गए, जबकि 591 संक्रमित मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीके तुर्रे ने बताया कि 31 हजार 430 मरीजों में पुरुष संक्रमितों की संख्या 17 हजार 644 है जबकि 13 हजार 876 महिला इससे संक्रमित हुईं। उन्होंने आयुवार कोविड धनात्मक मरीजों की संख्यात्मक जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 12 वर्ष तक के 1915, 13 से 25 आयु वर्ग के 6773, 26 से 40 आयु वर्ग के 11043, 40 से 60 वर्ष वाले 8809 तथा 61 वर्ष से अधिक आयु वाले 2890 लोग इससे संक्रमित हुए। डॉक्टर तुर्रे ने ब्लॉकवार जानकारी देते हुए बताया कि धमतरी ग्रामीण में पॉजिटिव केस की संख्या 6679 है जिनमें से 6553 मरीज रिकवर हुए और 127 मरीजों की मृत्यु हुई। इसी तरह कुरूद विकासखंड में 7489 संक्रमितों में से 7317 मरीज स्वस्थ हुए और 172 ने अपनी जान गंवाई। मगरलोड ब्लॉक में कोविड 19 के 3584 मामले आए जिनमें से 3522 स्वस्थ हो गए एवं 62 संक्रमित की मौत हो गई। इसी प्रकार नगरी विकासखंड में 5950 संक्रमित मरीजों में से 5863 रिकवर हुए और 86 लोगों की मृत्यु हुई। इसके अलावा कोविड 19 के सबसे ज्यादा 7728 मामले धमतरी शहरी में सामने आए। इनमें से 7584 मरीज स्वस्थ हो गए, जबकि 144 संक्रमितों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस तरह अब तक कुल 591 मरीज की मृत्यु इससे हुई।