-->

DNA UPDATE

Chhattisgarh crime:- नशे की हालत में बाप ने 2 माह के मासूम की कर दी हत्या,पत्नी के चरित्र पर करता था शक।

कोरबा । पत्नी के चरित्र पर संदेह करने वाले एक शराबी पति ने क्रुरता की सारी हदें पार कर दी। उसे यह भी संदेह था कि उसका दो माह का बेटा उसका अपना नहीं है। नशे की अवस्था में उसने इस बात को लेकर पत्नी के साथ विवाद किया और बच्चे को उठा कर जमीन में पटक दिया। गंभीर अवस्था में उसेअस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।

बाल्को थाना अंतर्गत स्थित लालघाट बस्ती निवासी सरना मुंडा का विवाद पत्नी शांति मुंडा अक्सर हुआ करता था। शांति मूलतः बनारस की रहने वाली है। छह साल पहले झारखंड रोजी मजदूरी करने गई थी, इस दौरान सरना से उसकी मुलाकात हुई और दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के बाद वह लालघाट आकर रहने लगा। इस बीच उनकी एक पुत्री भी हुई, जो वर्तमान में चार साल की है। बताया जा रहा है कि सरना पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। दो माह पहले  शांति ने बेटे को जन्म दिया, उसके बाद से दोनों के बीच विवाद और गहरा गया। सरना को संदेह होने लगा कि बेटा उसका नही है, इस बात लेकर भी दोनों झगड़ने लगे। बुधवार की रात को गुस्से में मासूम बच्चे के गाल में उसने तमाचे जड़ दिए। गुरूवार की सुबह करीब 11 बजे दोनों के बीच पुनः विवाद होने लगा और उसने पहले पत्नी के साथ हाथापाई की, फिर गुस्से में बच्चे को उठा कर जमीन में पटक दिया। आसपास के लोग यह घटना देख कर अवाक रह गए। इसकी सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल हो गए बच्चे को जिला अस्पताल ले गई। यहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, पर उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है।