राजनांदगांव। सोमनी थाना क्षेत्र के अंजाेरा बायपास के समीप शनिवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने बस को सामने से ठोकर मार दी। ट्रेलर की ठोकर से बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 10 यात्रियों को गंभीर चोटें आई है।
घायलों को उपचार के लिए दुर्ग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां तीन यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई। है। घटना करीब चार बजे की आसपास की है। यात्रियों से भरी बस राजनांदगांव से दुर्ग की ओर जा रही थी। वहीं ट्रेलर दुर्ग से राजनांदगांव की ओर आ रही थी।
बायपास मोड़ के समीप तेज रफ्तार ट्रेलर ने बस को सामने से ठोकर मार दी। ठोकर के बाद यात्रियों की चीख-पुखार शुरू हो गई। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
गति को नियंत्रित नहीं कर पाया चालक
शादी-सीजन के चलते बसों में खचाखच भीड़ थी। बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। इधर, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर की गति अत्यधिक थी। बायपास टर्निंग में ट्रेलर सीधे बस में जा घुसी। ट्रेलर की ठोकर से बस का सामने हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आई है। घायल यात्रियों को बस से उतारकर इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया। सोमनी थाना प्रभारी विनय सिंह ने बताया कि बस-ट्रेलर में भिडंत हुई है।
बस चालक की मौत हो गई है। 10 यात्रियों को गंभीर चोटें आई है। मृतक का नाम अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।