बलरामपुर। जिले में बीती रात एक दर्दनाक घटना हो गई. रक्षाबंधन मनाकर वापस घर लौट रही एक मां और उसके दो बच्चे की बरसाती नाले में बहने से मौत हो गई. वहीं पिता की जान बच गई. देर रात पुलिस और ग्रामीणों की मदद से महिला और एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया था. दूसरे बच्चे का शव आज सुबह पुलिस ने बरामद कर लिया है. घटना के बाद से ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है.अगर प्रशासन समय रहते ग्रमीणों की मांग पर पहल करते हुए नाले के ऊपर पुल का निर्माण करवा देते तो शायद आज एक मां और उसके दो बच्चों की जान नहीं जाती.घटना चलगली थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव की है
पुलिस ने बताया कि बीती रात एक परिवार मोटर साइकिल से रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर अपने गांव जा रहा था, लेकिन चंदौरा गांव के पास खैराढोढ़ी नाले में अचानक तेज बहाव आने के कारण बाइक सवार चारों लोग नाले में बह गए थे, जिसके बाद राजेश अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन उसकी पत्नी और दो बच्चे तेज बहाव में बह गए.
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला और एक बच्चे के शव को रात में ही बरामद कर ली थी. वहीं एक और बच्चे का शव आज बरामद कर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है.
