-->

DNA UPDATE

DHAMTARI-लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर कलेक्टर पी.एस.एल्मा ने अधिकारियों को मुस्तैदी के साथ कार्य करने के दिए निर्देश..

 धमतरी - जिले में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर कलेक्टर  पी.एस.एल्मा ने राजस्व, निगम के अमले, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगर सेना को पूरी सतर्कता के साथ वस्तुस्थिति पर निगाह रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आज सुबह 11 बजे से कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक लेते हुए विभिन्न बांधों में जल भराव और वर्षा की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही मैदानी अमले को पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बताया गया है कि कलेक्टोरेट में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित है। साथ ही इस बाढ़ नियंत्रण कक्ष का प्रभारी सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख  पुनीत राम वर्मा को बनाया गया है, जिनका मोबाईल नंबर 83194-11900 है। इसके अलावा यहां अधिकारी, कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।



           कलेक्टर ने जिले में बनाए गए आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा बैठक में की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.डी.के. तुर्रे ने बताया कि जिले में कुल सात लाख 94 हजार 250 लोंगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है। अब तक 68.1% याने, पांच लाख 41 हजार 261 व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है। इस मौके पर कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारी/कर्मचारियों को भी अपने नजदीकी चॉइस केंद्रों में परिवार के सदस्यों के साथ उपस्थित होकर निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाने कहा है। गौरतलब है कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना/डॉ.खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत आगामी 30 सितम्बर तक आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। इसके मद्देनजर कलेक्टर ने स्वास्थ्य अमले को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी छूटे हुए पात्र लोगों को लक्षित करते हुए समय सीमा में कार्ड बनाया जाए।



           बैठक में कलेक्टर ने समय सीमा के विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उनके गुणवत्तापूर्वक निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही उच्च कार्यालयों से प्राप्त पत्र, मुख्यमंत्री जनचौपाल और कलेक्टर जनचौपाल के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और अधिकारियों को उनका भी निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  प्रियंका महोबिया सहित जिला स्तरीय अन्य अधिकारी और वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए ब्लॉक स्तर के अधिकारी बैठक से जुड़े रहे।