जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2023 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए एक नवम्बर 2022 से 31 जनवरी 2023 तक कुल 64 दिन धान विक्रय के लिए पंजीकृत किसानों को समय मिल रहा है। खाद्य अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2022-23 में जिले के एक लाख 21 हजार 279 पंजीकृत किसानों में से समर्थन मूल्य पर अब तक एक लाख तीन हजार 494 किसानों द्वारा धान विक्रय किया जा चुका है। जिले में इस साल धान खरीदी के लिए अनुमानित चार लाख 63 हजार 460 मीट्रिक टन धान उपार्जन किया जाएगा, जिसके विरूद्ध 38 कार्यदिवस में तीन लाख 51 हजार 68 मीट्रिक टन (76 प्रतिशत) धान की खरीदी की जा चुकी है तथा 25 कार्यदिवस धान खरीदी के लिए शेष है।
बताया गया है कि जिले के कुल 98 उपार्जन केन्द्र में गत वर्ष की तुलना में अब तक अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। ऐसे उपार्जन केन्द्रों में उपार्जित धान का उठाव और शेष बचे किसानों से सुगमतापूर्वक धान की खरीदी करने की दृष्टि से वर्तमान में टोकन जारी के लिए आगामी पांच दिनों तक रोक लगाई गई है, किन्तु जिन किसानों को टोकन जारी हो चुका है, ऐसे किसानों की धान खरीदी जारी रहेगी। जिन खरीदी केन्द्रों में टोकन कटना अस्थायी रूप से बंद है, वहां शेष किसानों का टोकन आगामी पांच दिन बाद जारी होगा। शेष पंजीकृत किसान जिनके द्वारा धान विक्रय नहीं किया गया है, उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उनके पंजीकृत रकबे का धान निश्चित समयावधि में खरीदी कर ली जाएगी। आगामी सप्ताह भी जिले के खरीदी केन्द्रों में जहां टोकन जारी किया जा चुका है, वहां खरीदी जारी रहेगी अर्थात् ऐसे धान खरीदी केन्द्र बंद नहीं रहेंगे।